Jamshedpur News: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी सरजमदा के शीतला नगर में हरि कीर्तन के समापन के दौरान उस वक्त तनाव फैल गया जब स्थानीय युवक रामेश्वर बादुक पर एक नाबालिग से लोहे की रॉड से मारपीट करने का आरोप लगा। घटना में 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए खासमहल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, आरोपी को छोड़ने के आरोप से भड़के ग्रामीण
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन कुछ दूरी पर ले जाकर उसे छोड़ दिया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
पुलिस कार्रवाई पर आक्रोश, नारेबाजी के बीच सख्त कार्रवाई की उठी मांग
इसी को लेकर बस्तीवासियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग उठाई। झामुमो नेता संतोष ओझा ने भी आरोप लगाया कि नशे में धुत आरोपी ने नाबालिग पर हमला किया और पुलिस ने उसे बाद में छोड़ दिया, साथ ही विरोध करने पर लोगों को फंसाने की धमकी दी गई।
तत्काल गिरफ्तारी की मांग, इलाके में तनाव के बीच पुलिस जांच जारी
फिलहाल स्थानीय लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।