Salman Khan Slams Hospital: सलमान खान एक बार फिर अपने गुस्से को लेकर चर्चा में हैं. बीती रात मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर अभिनेता का ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया. अस्पताल पहुंचे सलमान खान को जब पैपराजी ने लगातार कैमरे में कैद करने की कोशिश की, तो वह नाराज हो गए और वहीं फोटोग्राफर्स को जमकर फटकार लगा दी. मामला यहीं शांत नहीं हुआ, बल्कि बाद में सलमान ने सोशल मीडिया पर भी कई पोस्ट साझा कर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की.
अस्पताल के बाहर कैमरे देखकर नाराज हुए सलमान खान
मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर सलमान खान को देर रात स्पॉट किया गया था. वहां मौजूद पैपराजी लगातार उनकी तस्वीरें लेने और वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान सलमान काफी असहज और नाराज नजर आए. सामने आए वीडियो में अभिनेता पैप्स को डांटते भी दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि फोटोग्राफर्स ने सबसे पहले सलमान खान को उस समय देखा जब उनकी गाड़ी ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी. इसके बाद कुछ पैपराजी कथित तौर पर उनकी कार का पीछा करते हुए अस्पताल तक पहुंच गए. जब सलमान अस्पताल से बाहर निकले तो कुछ लोग भाई भाई चिल्लाकर उनका ध्यान खींचने लगे, जिससे अभिनेता और ज्यादा नाराज हो गए.
देर रात तीन बजे सलमान ने सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास
घटना के कुछ घंटे बाद सलमान खान ने देर रात करीब तीन बजे सोशल मीडिया पर लगातार कई पोस्ट किए. इन पोस्ट में उन्होंने अलग अलग एक्सप्रेशन वाली अपनी सेल्फी साझा कीं और पैपराजी के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की.
पहली पोस्ट में सलमान ने लिखा कि अगर उन्होंने किसी प्रेस को अस्पताल में उनके दर्द का मजा लेते देखा, तो यह बेहद गलत है. उन्होंने कहा कि वह हमेशा प्रेस के साथ खड़े रहे हैं, उनसे बातचीत की है और यह भी सुनिश्चित किया है कि उन्हें काम मिलता रहे.
जिंदगी फिल्म से ज्यादा जरूरी है, सलमान ने कही बड़ी बात
एक अन्य पोस्ट में सलमान खान ने अपनी आने वाली फिल्म मातृभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि जिंदगी किसी भी फिल्म से ज्यादा जरूरी होती है. उन्होंने लिखा कि अगर लोग उनके नुकसान या परेशानी से पैसा कमाना चाहते हैं, तो कम से कम उसका मजा न लें. सलमान का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा और फैंस भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देने लगे.
सलमान बोले, साठ साल का हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला
सलमान खान यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे भी कई पोस्ट साझा किए, जिनमें उनका गुस्सा साफ नजर आया. एक मुस्कुराती सेल्फी के साथ उन्होंने लिखा कि अगर किसी अपने के दुख पर लोग ऐसा व्यवहार करेंगे तो वह भी जवाब देना जानते हैं. इसके बाद एक गंभीर एक्सप्रेशन वाली तस्वीर साझा करते हुए सलमान ने लिखा कि वह 60 साल के हो चुके हैं, लेकिन लड़ना अब भी नहीं भूले हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में जेल जाने की बात भी लिखी.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया सलमान का गुस्सा
अस्पताल के बाहर की घटना और उसके बाद किए गए सलमान खान के पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. कई लोग अभिनेता की प्राइवेसी को लेकर उनका समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सेलिब्रिटी और पैपराजी के रिश्ते से जोड़कर देख रहे हैं. फिलहाल सलमान खान के इन पोस्ट ने साफ कर दिया है कि अस्पताल जैसी निजी और संवेदनशील जगह पर लगातार कैमरों का पीछा करना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया.