Adityapur News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान तीन अलग-अलग स्क्रैप टालों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्क्रैप, कंपनियों का सामान, कटे हुए वाहनों के पार्ट्स और अन्य सामग्री बरामद की गई.
पहली कार्रवाई आरआईटी मोड़ के पास स्थित एक स्क्रैप टाल में हुई. जांच के दौरान वहां बड़ी संख्या में वाहन के कटे हिस्से, नंबर प्लेट, वाहन डाले और कंपनियों से जुड़ा मटेरियल मिला. मौके पर गैस कटर मशीन भी बरामद हुई, जिससे वाहनों की कटिंग किए जाने की आशंका जताई गई.
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने शेरे पंजाब चौक के समीप स्थित दूसरे स्क्रैप टाल में छापेमारी की. यहां से स्क्रैप के साथ कई वाहनों के टायर, गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण पाए गए.
तीसरी कार्रवाई आदित्यपुर थाना के पीछे संचालित एक अन्य स्क्रैप टाल में की गई. वहां भी बड़ी मात्रा में स्क्रैप सामग्री मिलने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई.
एसडीओ अभिनव प्रकाश ने तीनों स्क्रैप टाल संचालकों से लाइसेंस और स्क्रैप से संबंधित सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है. साथ ही संबंधित जमीन मालिकों को भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है.
प्रशासन का कहना है कि बिना वैध अनुमति और कागजात के संचालित स्क्रैप कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बरामद सामान की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सामग्री चोरी की है या कंपनियों से अवैध तरीके से खरीदी गई है.