Ranchi News : झारखंड में मौसम ने अचानक अपना रंग बदल लिया है। एक तरफ राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, तो दूसरी ओर कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर अलर्ट जारी किया है।पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। धनबाद के पंचेत डीवीसी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 10.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं डाल्टनगंज गर्मी से सबसे ज्यादा तपता रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।राज्य के कई शहरों में गर्मी का असर साफ दिखा। चाईबासा में तापमान 42.0 डिग्री, जमशेदपुर में 41.8 डिग्री, बोकारो थर्मल में 41.2 डिग्री, रांची में 38.5 डिग्री और खूंटी में 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
22 और 23 मई को लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने 22 और 23 मई को पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। लोगों को दोपहर के समय जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने और लगातार पानी पीने की सलाह दी गई है।
वहीं 21 से 25 मई तक रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन और तेज हवाओं की भी संभावना है।
तेज हवा और वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी
21 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग ने 23 और 24 मई के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 21 से 27 मई तक आंशिक बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।