Nainital Accident News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से गुरुवार को बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई. भवाली क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और किसी को बचाया नहीं जा सका.
भवाली बाईपास रोड पर अचानक अनियंत्रित हुई कार
यह हादसा भवाली क्षेत्र के सेनेटोरियम रातीघाट बाईपास रोड पर हुआ. जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नीचे गिरते समय कार एक पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद वह वहीं रुक गई.
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस, एसएसबी, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाले गए शव
खाई काफी गहरी और रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण राहत कार्य आसान नहीं था. बचाव दल को रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से नीचे उतरना पड़ा. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कार तक पहुंचकर सभी शवों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया. अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटना की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी.
मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल
पुलिस ने बताया कि हादसे में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे की मौत हुई है. बाद में सभी मृतकों की पहचान उधम सिंह नगर जिले के खटीमा निवासी एक ही परिवार के सदस्यों के रूप में हुई. मृतकों में भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), बेटा वासु चुफाल (19) और बेटी रवी (12) शामिल हैं. वहीं कार चला रहे अनुज कुमार मिश्रा (34), जो लखनऊ के आलमनगर इलाके के रहने वाले थे, उनकी भी इस हादसे में जान चली गई.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति दे. साथ ही प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.