Jamshedpur News: मानगो स्थित अर्जुन अपार्टमेंट में खुले ब्लिंकिट स्टोर को लेकर अब स्थानीय लोगों की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है. अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों का आरोप है कि स्टोर खुलने के बाद से वहां का माहौल पूरी तरह बदल गया है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. मामले को लेकर फ्लैट वासियों ने मानगो नगर निगम और एसडीओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
रैंप और तेज रफ्तार आवाजाही से हर समय बना रहता है हादसे का डर
अपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि ब्लिंकिट स्टोर की ओर से सड़क से स्टोर तक एक ऊंचा रैंप बना दिया गया है. इस वजह से आने जाने में काफी परेशानी होती है. स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार राहगीर भी इस रैंप की वजह से असंतुलित हो जाते हैं और दुर्घटना का खतरा बना रहता है. निवासियों ने आरोप लगाया कि स्टोर में काम करने वाले डिलीवरी बॉय अक्सर तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए आते जाते हैं. अपार्टमेंट परिसर और आसपास की गलियों में भी तेजी से गाड़ी चलाने की शिकायत की गई है. लोगों का कहना है कि इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
सुबह से रात तक पार्किंग में जुटते हैं डिलीवरी बॉय, शोरगुल से परेशान लोग
फ्लैट वासियों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे से रात 10:30 बजे तक बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मी अपार्टमेंट की पार्किंग में मौजूद रहते हैं. इस दौरान लगातार शोरगुल होता रहता है जिससे परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ युवक पार्किंग क्षेत्र में बैठकर अश्लील बातें करते हैं और मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो देखते हैं. इससे महिलाओं, बच्चों और युवतियों को असहज माहौल का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि रिहायशी परिसर का वातावरण खराब हो रहा है.
पार्किंग और बाथरूम की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ रही मुश्किलें
निवासियों का कहना है कि ब्लिंकिट स्टोर के पास अपनी अलग पार्किंग व्यवस्था नहीं है. इसी वजह से डिलीवरी बॉय अपार्टमेंट की पार्किंग में ही बाइक खड़ी करते हैं. कई बार युवक गाड़ियों की सीट पर ही आराम करते या सोते नजर आते हैं, जिससे लोगों को दिक्कत होती है. आरोप यह भी है कि स्टोर में अलग से बाथरूम नहीं होने के कारण कर्मचारी अपार्टमेंट के कॉमन बाथरूम का इस्तेमाल करते हैं. इस्तेमाल के बाद वहां गंदगी छोड़ दी जाती है. जब सफाई को लेकर शिकायत की जाती है तो विवाद की स्थिति बन जाती है.
दिनभर बड़े वाहनों की आवाजाही से रिहायशी माहौल पर असर
अपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि दिनभर स्टोर में सामान पहुंचाने के लिए बड़े वाहन आते रहते हैं. इससे इलाके में ट्रैफिक और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है. लोगों के मुताबिक शांत रिहायशी इलाके में अब लगातार व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं, जिससे परिवारों को परेशानी हो रही है. निवासियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस समस्या को लेकर स्टोर संचालकों और बिल्डर से बात की तो उनकी शिकायत सुनने के बजाय उनसे बहस की गई. लोगों का दावा है कि उन्हें यहां तक कह दिया गया कि अगर परेशानी है तो कहीं और जाकर रहें. अब अपार्टमेंट के लोगों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि रिहायशी परिसर में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके.