Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में शुरू होगी सोलर क्रांति, चाकुलिया में बनेगा 7 मेगावाट का सोलर पावर प्लांट

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला अब झारखंड के दूसरे सोलर सिटी के रूप में अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है. जिले के चाकुलिया प्रखंड के पूर्णापानी क्षेत्र में 7 मेगावाट क्षमता वाला सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा. इस परियोजना को ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जिससे इलाके की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी.


20 एकड़ जमीन पर बनेगा प्लांट

यह महत्वाकांक्षी परियोजना झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (जेरेडा) की ओर से तैयार की जा रही है. करीब 20 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस सोलर प्लांट पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. परियोजना पूरी होने के बाद चाकुलिया के साथ-साथ बहरागोड़ा प्रखंड के कई इलाकों को भी इसका लाभ मिलेगा.

बिजली कटौती से मिलेगी राहत
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस प्लांट के शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी. खासकर गर्मी के मौसम में लोगों को बार-बार बिजली संकट का सामना करना पड़ता है. सोलर प्लांट चालू होने के बाद 24 घंटे बेहतर बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी.

पर्यावरण के लिए भी अहम परियोजना
सोलर प्लांट से तैयार बिजली को स्थानीय पावर हाउस तक पहुंचाया जाएगा, जहां से इसे घरों, सरकारी संस्थानों और अन्य उपभोक्ताओं तक वितरित किया जाएगा. इससे लोगों को स्थिर, सस्ती और पर्यावरण के अनुकूल बिजली मिल सकेगी। साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी.

सौर ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. यही वजह है कि इस परियोजना को चाकुलिया को हरित और टिकाऊ शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

उद्योग और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
बेहतर बिजली व्यवस्था होने से छोटे उद्योग, व्यापारिक प्रतिष्ठान और स्थानीय उद्यमों को भी फायदा मिलेगा. लोगों का मानना है कि परियोजना शुरू होने के बाद चाकुलिया झारखंड के उभरते सोलर हब के रूप में पहचाना जाएगा.

23 मई को होगा शिलान्यास
इस योजना का शिलान्यास और भूमि पूजन 23 मई को किया जाएगा. बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती इस परियोजना का शिलान्यास करेंगे. निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सोलर प्लांट बनाने वाली कंपनी द्वारा स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !