Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

Bokaro News: भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए जिला प्रशासन की चेतावनी, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

Bokaro News: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों के लिए हीट वेव को लेकर जरूरी एडवाइजरी जारी की है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे लापरवाही न करें और खुद के साथ परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां जरूर अपनाएं. उपायुक्त सह जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के अध्यक्ष अजय नाथ झा ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
तेज धूप और गर्मी में बाहर निकलने से बचने की सलाह
जिला प्रशासन ने कहा है कि जहां तक संभव हो लोग कड़ी धूप में घर से बाहर निकलने से बचें. जरूरत पड़ने पर ही बाहर जाएं और सफर के दौरान हमेशा पानी साथ रखें. शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए थोड़ी थोड़ी देर में पानी पीते रहना जरूरी है. प्रशासन ने लोगों को हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है. साथ ही सिर को गमछा या टोपी से ढकने और धूप में निकलते समय चश्मे का इस्तेमाल करने को कहा गया है. अधिक तापमान में लगातार काम करने से बचने और खाली पेट बाहर न निकलने की भी हिदायत दी गई है. नंगे पैर धूप में चलने से भी मना किया गया है.

बाहर काम करने वालों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह
एडवाइजरी में कहा गया है कि बाहर काम करने वाले लोग टोपी, छाता, गमछा और गीले कपड़े का उपयोग जरूर करें ताकि शरीर को तेज गर्मी से बचाया जा सके. प्रशासन ने लोगों को हल्का और सुपाच्य भोजन करने की सलाह दी है.
इसके साथ ही तरबूज, खीरा, संतरा और नींबू जैसे पानी से भरपूर फलों को खाने पर जोर दिया गया है. ज्यादा प्रोटीन वाले भोजन जैसे मांस और मेवों से दूरी बनाने को कहा गया है. शरीर को ठंडा रखने के लिए लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नमक चीनी का घोल और आम का पन्ना पीने की सलाह भी दी गई है.

बच्चों और जानवरों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सतर्क
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि बच्चों और पालतू जानवरों को किसी भी हालत में बंद या पार्क किए गए वाहन में अकेला न छोड़ें. जानवरों को छांव में रखने और उनके लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है.
घर को ठंडा बनाए रखने के लिए पर्दे और शटर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. साथ ही रात के समय खिड़कियां खुली रखने को कहा गया है ताकि घर के अंदर हवा का प्रवाह बना रहे.

लू लगने के लक्षण पहचानना बेहद जरूरी
प्रशासन ने लोगों को लू के लक्षणों के प्रति भी जागरूक किया है. एडवाइजरी के मुताबिक अगर किसी व्यक्ति को पसीना आना बंद हो जाए, त्वचा लाल और गर्म हो जाए, सिरदर्द, कमजोरी, चक्कर, उल्टी या बेहोशी जैसी परेशानी हो तो इसे लू का संकेत माना जा सकता है. आंखों की पुतलियां छोटी होना भी इसका एक लक्षण बताया गया है.

लू लगने पर तुरंत करें ये जरूरी उपाय
जिला प्रशासन ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत छांव वाली जगह पर लिटाएं और उसके तंग कपड़ों को ढीला करें. शरीर को ठंडा करने के लिए ठंडे पानी या गीले कपड़े से शरीर पोंछें. प्रभावित व्यक्ति को ओआरएस, नींबू पानी या नमक चीनी का घोल दिया जा सकता है. हालांकि अगर व्यक्ति बेहोश हो या उसे लगातार उल्टी हो रही हो तो उसे कुछ भी खाने पीने के लिए न दें. यदि एक घंटे के भीतर स्थिति में सुधार न हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी गई है.

जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
उपायुक्त अजय नाथ झा ने लोगों से अपील की है कि भीषण गर्मी को हल्के में न लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें. उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी लोगों को हीट वेव और लू जैसी गंभीर समस्या से बचा सकती है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !