Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-06-12

Jamshedpur : मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियों पर भाजपा ने किया प्रोफेशनल मीट का आयोजन

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से बिस्टुपुर स्थित चैंबर भवन में एक भव्य प्रोफेशनल मीट आयोजित की गई। इस आयोजन का उद्देश्य देश की तेजी से हो रही प्रगति, विशेषकर विकसित भारतके संकल्प को शहर के प्रबुद्ध और प्रोफेशनल वर्ग तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शहर के बुद्धिजीवी वर्ग से सीधा संवाद किया और केंद्र सरकार की प्रमुख नीतियों और योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। इससे पूर्व, बैठक में शामिल सभी गणमान्यजनों का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया।

इस संवाद कार्यक्रम में चिकित्सक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यवसायी, उद्योगपति, शिक्षाविद, किसान और अन्य प्रोफेशनल तबकों के लोग उपस्थित थे।

अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में वैश्विक पटल पर एक मज़बूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं चलाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाया है।

उन्होंने बताया कि बीते एक दशक में भारत ने भ्रष्टाचार से सुशासन, और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं। सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को आर्थिक संबल, और वंचित वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं सुनिश्चित की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

बाबूलाल मरांडी ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियानों का जिक्र करते हुए देश की सुरक्षा नीति को भी रेखांकित किया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक समाप्ति, अनुच्छेद 370 हटाने, जनधन योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं को सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाकर भारत की सांस्कृतिक एवं तकनीकी प्रगति को भी नई दिशा दी है। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के मंत्र को सरकार की कार्यनीति का मूल बताया।

इस कार्यक्रम में मंच संचालन जिला महामंत्री और जिला संयोजक अनिल मोदी ने किया, जबकि विषय प्रवेश का कार्य प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटाशंकर पांडेय ने निभाया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान मंच पर भाजपा के प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप महतो और जिला महामंत्री संजीव सिंह सहित कई नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम में शहर भर के सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिकों ने सहभागिता दर्ज कराई।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !