Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित दुंदु गांव में आपसी विवाद के दौरान एक बुजुर्ग पर कथित एसिड अटैक का मामला सामने आया है। घटना में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग हुए हमले का शिकार
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बरतु उरांव का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को कुछ लोग उनके घर के पास पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान बरतु उरांव के पिता रामेश्वर उरांव बीच-बचाव करने पहुंचे, तभी दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने उन पर ज्वलनशील द्रव फेंक दिया।
हाथ झुलसा, पैर में भी आई गंभीर चोट
हमले के कुछ देर बाद रामेश्वर उरांव के हाथ में तेज जलन शुरू हो गई, जिससे उनकी त्वचा और मांसपेशियां गंभीर रूप से प्रभावित हो गईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर पहले से तैयारी के साथ पहुंचे थे और उनके पास लाठी-डंडे, लोहे का फाइटर और बैटरी एसिड जैसी सामग्री मौजूद थी। मारपीट में बुजुर्ग के पैर में भी गंभीर चोट आई है।
बैटरी एसिड या रसायन फेंके जाने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने बैटरी का पानी या कोई ज्वलनशील रसायन फेंका था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है।