Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित जवाहरनगर रोड नंबर-15 के आकाश ग्रीन अपार्टमेंट में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां गौरी ए ब्लॉक के फ्लैट नंबर 504 में रहने वाली 51 वर्षीय गौरी नाग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पति और बेटी घर में ही थे मौजूद
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय गौरी नाग के पति और बेटी घर पर ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि गौरी अपने कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकलीं और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।
दरवाजा खुलते ही मचा कोहराम
परिजनों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। गौरी नाग फंदे से लटकी हुई थीं। घटना की जानकारी तुरंत मानगो थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं महिला
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, गौरी नाग पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और परेशानियों से गुजर रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी गहरे सदमे में हैं।