Jamtara News : जामताड़ा पुलिस ने PhonePe और Google Pay के जरिए लोगों को ठगने वाले साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को बैंक अधिकारी या बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे और फिर PhonePe व Google Pay जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
कई राज्यों तक फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी विश्वजीत दास भी शामिल है, जो लोकनियां गांव में रहकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरोह ऑनलाइन ठगी के लिए फर्जी कॉल, बैंक केवाईसी अपडेट और बिजली बिल भुगतान जैसे बहाने इस्तेमाल करता था।
पहले भी साइबर मामलों में शामिल रहे आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सागर नायक और किशोर दास पहले भी साइबर ठगी के मामलों में आरोपी रह चुके हैं। इस मामले में साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज कर बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत कार्रवाई की गई है।