Palamu News: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत चानकर कस्तूरी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राधेश्याम प्रजापति का 23 वर्षीय पुत्र रिकेश कुमार पिछले 17 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। काफी खोजबीन के बावजूद अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
काम पर निकला रिकेश शाम तक नहीं लौटा, परिजनों की बढ़ी चिंता
परिजनों के अनुसार, रिकेश प्रजापति 7 मई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे रोज की तरह घर से काम पर जाने के लिए निकला था। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, मगर कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मोबाइल बंद होने से बढ़ी अनहोनी की आशंका, पुलिस से लगाई मदद की गुहार
लापता युवक के बड़े भाई ने 23 मई को हुसैनाबाद थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से भाई की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि रिकेश का मोबाइल फोन भी घटना के दिन से लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लापता युवक का हुलिया जारी, लोगों से सूचना देने की अपील
परिजनों ने आम लोगों से भी मदद की अपील की है। परिवार के मुताबिक रिकेश का रंग सांवला, लंबाई करीब पांच फीट छह इंच है। घर से निकलते समय उसने लाल रंग की चेकदार शर्ट, भूरे रंग की जींस और नेवी ब्लू रंग का जूता पहन रखा था। यदि किसी को युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो वे तुरंत हुसैनाबाद थाना या परिजनों के मोबाइल नंबर 7210626551 पर सूचना देने की अपील की गई है।