Jharkhand: झारखंड में झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 7 से 10 जून के बीच इसके झारखंड पहुंचने की संभावना है। अनुमान लगाया गया है कि मानसून संताल परगना क्षेत्र के रास्ते राज्य में प्रवेश करेगा। वहीं केरल में मानसून 26 मई तक दस्तक दे सकता है।
पिछले साल से ज्यादा पड़ रही गर्मी
इस वर्ष झारखंड में तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में अधिकतम तापमान पिछले साल की तुलना में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। तेज धूप और लू के कारण दिन के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून आने तक राज्यवासियों को गर्मी और हीटवेव का सामना करना पड़ेगा।
कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 25 मई को राज्य के कई जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा 26 और 27 मई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के इलाकों में भी तेज हवा और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि बदले मौसम का असर 29 मई तक देखने को मिल सकता है।
रांची का तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
राजधानी रांची में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मई को शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गर्मी को लेकर सरकार अलर्ट
भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने को कहा गया है। सरकार ने पंचायत प्रतिनिधियों को भी लोगों को गर्मी और लू से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।