Bihar News: गया जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बहेरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सब्जियों से भरे एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. इस कार्रवाई में कुल 1668 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. वहीं वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है.
धीरजापुर पुल के पास सुबह सुबह पुलिस ने शुरू किया जांच अभियान
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि क्षेत्र से सब्जियों की आड़ में शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है. सूचना मिलते ही बहेरा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और अहले सुबह धीरजापुर पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया.
इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली. जांच के दौरान ऊपर से वाहन में सब्जियां लदी दिखाई दीं, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.
वाहन से 1308 लीटर बीयर और 360 लीटर विदेशी शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन से 1308 लीटर बीयर और 360 लीटर अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की. मौके से पुलिस ने वाहन चालक फिरोज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. कुल मिलाकर 1668 लीटर अवैध शराब जब्त की गई. आरोपी झारखंड के लातेहार जिले के हेड पोचरा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
शराब की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है. इसके साथ ही शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी पुलिस लगातार छानबीन कर रही है. बहेरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. अधिकारियों ने साफ कहा है कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.