Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-24

Bihar News: सुपौल के महादलित टोला में पुलिस टीम पर हमला, एएसआई समेत महिला होमगार्ड घायल, रातभर गांव में चला सर्च अभियान

Bihar News: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय तनाव फैल गया, जब एक विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. घटना राघोपुर पंचायत के महादलित टोला की बताई जा रही है. इस हमले में एक एएसआई और महिला होमगार्ड घायल हो गईं, जबकि सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर देर रात तक छापेमारी चलती रही.
विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर अचानक भड़के लोग
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे राघोपुर थाना की पुलिस टीम गांव में किसी विवाद की सूचना मिलने के बाद पहुंची थी. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया. हमले में राघोपुर थाना में तैनात एएसआई अंजय कुमार और महिला होमगार्ड काजल कुमारी घायल हो गईं. घटना के दौरान सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. वहीं महिला होमगार्ड की राइफल छीने जाने की चर्चा से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया. राघोपुर थाना पुलिस ने तुरंत वरीय अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. देर रात तक पूरे इलाके में लगातार गश्त और छापेमारी अभियान चलता रहा. गांव का माहौल पूरी तरह पुलिस छावनी जैसा हो गया था. पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

ग्रामीणों ने पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाद में पहुंची पुलिस टीम ने कई घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की. हालांकि इन आरोपों की अब तक स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस प्रशासन की ओर से भी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

अस्पताल में चला दोनों घायल पुलिसकर्मियों का इलाज
हमले में घायल एएसआई अंजय कुमार और महिला होमगार्ड काजल कुमारी को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायल रात करीब 12 बजे इलाज के लिए पहुंचे थे. डॉक्टरों ने बताया कि एएसआई अंजय कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था. उनके सिर पर पांच से छह टांके लगाए गए. हाथ में भी चोट के निशान पाए गए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर एनसीसीटी जांच कराने की सलाह दी गई है. वहीं महिला होमगार्ड काजल कुमारी के कंधे में चोट आई है. डॉक्टरों ने उन्हें एक्स रे कराने की सलाह दी है.

पुलिस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए संकेत
वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जो भी लोग हमले में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !