Jamshedpur: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आकाशदीप प्लाजा के पास रविवार को ऑटो चालकों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक पर लोगों को बहाने से झांसा देकर पैसे ठगने का आरोप लगाया गया है। घ टना के बाद इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
पुराने तरीके से फिर ठगी की कोशिश
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक पहले भी कई ऑटो चालकों को निशाना बना चुका था। पीड़ित चालक राव ने बताया कि कुछ समय पहले उसी युवक ने उससे करीब तीन हजार रुपये की ठगी की थी। रविवार को आरोपी ने दोबारा उसे अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। युवक ने चालक से कहा कि उसे मस्जिद के पास से एक महिला और युवती को शादी समारोह में ले जाना है और इसके लिए 100 रुपये किराया तय किया। इसके बाद उसने पास के एक मकान की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह ऊपर से पैसे लेकर आता है। इसी दौरान उसने चालक से तीन हजार रुपये के छुट्टे मांगे।
चालक ने पहचानते ही पकड़ लिया
ऑटो चालक राव ने युवक को तुरंत पहचान लिया और उसे पकड़ लिया। खुद को घिरता देख आरोपी वहां से भागने लगा और अपनी स्कूटी छोड़कर फरार होने की कोशिश की। चालक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद अन्य ऑटो चालक और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 500-500 रुपये के कई नोट बरामद हुए।
पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ मिली शिकायतों की जांच की जा रही है। इधर, ऑटो चालकों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में वह किसी और को अपना शिकार न बना सके।