New National Record: रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पंजाब के युवा धावक गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया. उन्होंने शनिवार को महज 10.09 सेकेंड में दौड़ पूरी कर देश के सबसे तेज धावक बनने का गौरव हासिल किया. इसके साथ ही वह 100 मीटर स्पर्धा को 10.10 सेकेंड से कम समय में पूरा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
इस उपलब्धि पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरिंदरवीर सिंह को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब के इस युवा खिलाड़ी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से पूरे देश का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि राज्य को अपने खिलाड़ी की इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व है.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पंजाबी भाषा में संदेश जारी कर कहा कि गुरिंदरवीर सिंह लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब की पहचान मजबूत कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी खिलाड़ी इसी तरह नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.
भगवंत मान ने अपने संदेश में लिखा कि रांची में आयोजित फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीतकर गुरिंदरवीर सिंह ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने कहा कि दो दिनों के भीतर दूसरा राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर खिलाड़ी ने पंजाब का नाम देश और दुनिया में ऊंचा किया है.
जालंधर के रहने वाले गुरिंदरवीर सिंह का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तय क्वालिफाइंग मार्क भी हासिल कर लिया है. भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने 100 मीटर दौड़ के लिए 10.16 सेकेंड का मानक रखा था, जबकि गुरिंदरवीर ने 10.09 सेकेंड का समय निकालकर आसानी से पात्रता प्राप्त कर ली.
खेल विशेषज्ञों के अनुसार इस सत्र में यह एशिया का दूसरा सबसे तेज समय है. उनका मानना है कि गुरिंदरवीर सिंह का प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए नई उम्मीद लेकर आया है और भविष्य में वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.