Jamshedpur News : बिष्टुपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप रविवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति की गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान संतोष उर्फ राजू पगला के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि संतोष बिष्टुपुर क्षेत्र में कूड़ा चुनकर अपना जीवन यापन करता था और लंबे समय से इलाके में देखा जाता था।
सड़क किनारे अचानक गिरा, लोगों ने बचाने की कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संतोष अचानक सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाने और संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके घर का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।