Jharkhand: नई दिल्ली में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री Dr. Irfan Ansari ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव K. C. Venugopal से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों, झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने केरल में कांग्रेस की जीत पर के.सी. वेणुगोपाल को शुभकामनाएं दीं और इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। वहीं वेणुगोपाल ने भी झारखंड में स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर साझा की रिपोर्ट
डॉ. इरफान अंसारी ने मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण इलाकों तक चिकित्सा सेवाओं की पहुंच और आम लोगों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का ब्यौरा साझा किया। मंत्री ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार लाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को बेहतर और सुलभ इलाज मिल सके।
“जनता के लिए काम करते रहिए” : के.सी. वेणुगोपाल
बैठक के दौरान के.सी. वेणुगोपाल ने डॉ. इरफान अंसारी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें जनता के लिए इसी तरह लगातार काम करते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राजनीति में आलोचनाएं होती रहती हैं, लेकिन अंततः जनता विकास और काम को ही याद रखती है। उन्होंने डॉ. अंसारी का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बिना किसी दबाव के जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
संगठनात्मक नेतृत्व की भी सराहना
मुलाकात के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने झारखंड कांग्रेस संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं के कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में प्रदेश नेतृत्व की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. अंसारी ने कहा कि वह राजनीति में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से दूर रहकर विकास और जनता की सेवा को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।