Ranchi News ; रांची में शराब घोटाला मामले के आरोपी नवीन केडिया की इंग्लैंड जाने की अनुमति से जुड़ी याचिका पर सोमवार को ACB की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान ACB ने कोर्ट से जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। अदालत ने आग्रह स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 27 मई तय की है।
नवीन केडिया ने अदालत में दाखिल याचिका में कहा है कि वह लंदन में अपने बेटे के ग्रेजुएशन समारोह में शामिल होना चाहता है। इसके अलावा उसने हेल्थ चेकअप कराने का भी हवाला दिया है। केडिया ने 1 जून से 23 जुलाई तक इंग्लैंड जाने की अनुमति मांगी है।
पासपोर्ट रिलीज करने की भी कोर्ट से की मांग
याचिका में उसने कोर्ट से पासपोर्ट रिलीज करने का भी अनुरोध किया है। दरअसल, झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद जमानत की शर्तों के तहत नवीन केडिया ने अपना पासपोर्ट ACB कोर्ट में जमा कराया था।
बताया गया है कि नवीन केडिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग का निवासी है। उसे 11 मार्च को ACB ने गिरफ्तार किया था। उस पर झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति करने का आरोप है।
इस मामले में ACB ने IAS अधिकारी विनय चौबे समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि मामले के अधिकांश आरोपियों को अब जमानत मिल चुकी है।