Railway Update: गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है. आनंद बिहार टर्मिनल और मुजफ्फरपुर के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. यह ट्रेन गोरखपुर रूट से होकर चलेगी और छपरा जंक्शन पर भी इसका ठहराव होगा. इससे दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
29 मई से शुरू होगी आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक 04028 आनंद विहार टर्मिनल मुजफ्फरपुर साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन का संचालन 29 मई से 12 जून तक हर शुक्रवार किया जाएगा. यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 9:15 बजे रवाना होगी. ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर होते हुए अगले दिन रात 1:30 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन सोनपुर और हाजीपुर के रास्ते सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी.
वापसी में मुजफ्फरपुर से आनंद विहार तक हर शनिवार चलेगी ट्रेन
वापसी यात्रा के लिए मुजफ्फरपुर आनंद विहार टर्मिनल समर स्पेशल ट्रेन 30 मई से 13 जून तक प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी. यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी. इसके बाद हाजीपुर और सोनपुर होते हुए सुबह 9:45 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी. आगे यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर और बरेली के रास्ते अगले दिन सुबह 5:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी.
18 कोच के साथ यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस समर स्पेशल ट्रेन का संचालन कुल तीन फेरों के लिए किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, शयनयान और सामान्य श्रेणी समेत कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. रेलवे का कहना है कि गर्मी के मौसम में यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष सेवा शुरू की गई है. इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त राहत मिलेगी और सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और आरामदायक हो सकेगा.