West Singhbhum: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ रेलवे स्टेशन के पास बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक और युवती की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल से मिले कई अहम सुराग
जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे एक बैग बरामद किया गया। बैग में कपड़ों के साथ कई ट्रेन टिकट मिले हैं। इनमें सोनुआ से राउरकेला, राउरकेला से पुरी और टाटा से चक्रधरपुर के टिकट शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों किसी लंबी यात्रा पर निकले थे।
युवक की जेब से मिला मोबाइल
पुलिस को युवक की पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जो फिलहाल स्विच ऑफ है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल के सिम कार्ड के जरिए मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पहचान और घटना के कारणों की जांच जारी
फिलहाल युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस और आरपीएफ टिकट, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतकों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।