Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-25

Ranchi News : 4200 करोड़ की लागत से बनेगा रिम्स-2, एडीबी टीम के साथ सरकार की अहम बैठक

Ranchi News : झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार रांची में रिम्स-2 के निर्माण को लेकर तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग और एशियन डेवलपमेंट बैंक की टीम के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।


बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की। इस दौरान रिम्स-2 परियोजना के निर्माण, फंडिंग, अस्पताल की सुविधाओं और भविष्य की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सरकार की योजना रिम्स-2 को आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस अस्पताल के रूप में विकसित करने की है। इसमें इलाज के साथ मेडिकल शिक्षा, रिसर्च और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं पर भी विशेष जोर रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल का पूरा ढांचा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।


एडीबी देगा 2600 करोड़ रुपये का लोन


बैठक में बताया गया कि इस परियोजना पर करीब 4200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें एडीबी की ओर से लगभग 2600 करोड़ रुपये का लोन दिया जाएगा। एडीबी की टीम फिलहाल परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों का आकलन कर रही है।

सरकार का अनुमान है कि अगले छह महीनों में लोन और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 से निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है।


सेल्फ सस्टेनिंग मॉडल पर विकसित होगा रिम्स-2


बैठक में यह भी चर्चा हुई कि रिम्स-2 को सेल्फ सस्टेनिंग मॉडल पर विकसित किया जाए, ताकि भविष्य में अस्पताल आर्थिक रूप से मजबूत बना रहे और बेहतर सेवाएं लगातार मिलती रहें।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के हर चरण की मॉनिटरिंग की जाएगी और समय सीमा के भीतर काम पूरा करने की कोशिश होगी। सरकार का लक्ष्य दो वर्षों के अंदर अस्पताल निर्माण पूरा करना है।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के उप सचिव ध्रुव प्रसाद, जेएसबीसीसीएल के अधिकारी, विभाग के अन्य पदाधिकारी और एडीबी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !