Ranchi News: रांची में बढ़ती गर्मी के बीच पक्षियों को राहत देने और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से डोरंडा कॉलेज की एनएसएस इकाई ने एक विशेष पहल शुरू की है. इस अभियान के तहत “एक मुट्ठी दाना पक्षियों के नाम” कार्यक्रम चलाया गया जिसमें पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था की गई.
पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था में जुटे एनएसएस वॉलिंटियर्स
अभियान में शामिल एनएसएस वॉलिंटियर्स अपने अपने घरों से चावल, दाल और गेहूं लेकर पहुंचे. सभी छात्रों ने मिलकर कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की. इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को जीव जंतुओं के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों को राहत मिल सके.
प्राचार्य ने छात्रों की पहल की सराहना की
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकुमार शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं. उन्होंने कहा कि इससे लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़ती है और छात्र समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था करें ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को राहत मिल सके.
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी की देखरेख में सफल हुआ अभियान
यह पूरा कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कंचन मुंडा की देखरेख में आयोजित किया गया. अभियान को सफल बनाने में कई छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. इनमें विपुल, रामधनी, सचिन, तहमीद, जरीन, अनुभव, रौनक, अंश, दीक्षा, करिश्मा, आसानी और रश्मि सहित अन्य छात्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है बल्कि यह भी दर्शाती है कि युवा पीढ़ी सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर कितनी सजग हो रही है.