Ranchi News : राज्य में वेतन मद से फर्जी निकासी के मामले की जांच कर रही उच्चस्तरीय समिति अब बैंकों की भूमिका की भी जांच करेगी। इसके साथ ही समिति फर्जी निकासी की राशि की वसूली और उसे सरकारी खजाने में वापस जमा कराने के उपाय भी सुझाएगी।सरकार ने महालेखाकार की रिपोर्ट के बाद इस मामले की जांच के लिए अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में समिति गठित की है। अब सरकार ने इसके टर्म्स ऑफ रेफरेंस का विस्तार कर दिया है।
बैंक, अधिकारियों और सॉफ्टवेयर खामियों की होगी जांच
समिति को यह भी जांच करनी है कि अवैध निकासी में किन बैंकों की भूमिका रही, किस प्रक्रिया का उपयोग हुआ और किन अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी बनती है।
इसके अलावा यह भी पता लगाया जाएगा कि किस सॉफ्टवेयर खामी के कारण फर्जी निकासी संभव हुई। समिति भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक उपायों पर भी सुझाव देगी।
सरकार ने जांच प्रक्रिया को बनाया और व्यापक
सरकार की ओर से जांच के दायरे को बढ़ाए जाने के बाद अब पूरे वित्तीय तंत्र, बैंकिंग प्रक्रिया और तकनीकी प्रणाली की गहन जांच की जाएगी। माना जा रहा है कि समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई और वित्तीय सुधारों को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।