Ranchi: रांची स्थित रिम्स अस्पताल में लिफ्ट से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह छह दिवसीय प्रशिक्षण 25 मई से 30 मई तक आयोजित किया जा रहा है।
तकनीकी विशेषज्ञ दे रहे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लिफ्ट निर्माण कंपनियों के तकनीकी विशेषज्ञ ऑपरेटरों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की जानकारी दे रहे हैं। लिफ्ट फंसने, अचानक बंद होने या तकनीकी खराबी आने की स्थिति में सुरक्षित रेस्क्यू कैसे किया जाए, इसकी ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके तहत लाइव मॉक ड्रिल भी कराई जा रही है।
मैन्युअल रेस्क्यू की दी जा रही जानकारी
ट्रेनिंग के दौरान ऑपरेटरों को मैन्युअल तरीके से लिफ्ट खोलने, ब्रेक रिलीज करने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया सिखाई जा रही है। साथ ही ऑपरेटरों को यह भी बताया जा रहा है कि आपात स्थिति में लोगों को घबराने से कैसे रोका जाए और शांत तरीके से बचाव कार्य कैसे किया जाए।
अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
रिम्स प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में हर दिन गंभीर मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में लिफ्ट का सुरक्षित और सुचारु संचालन बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से ऑपरेटरों को हर प्रकार की आपात स्थिति के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
अलग-अलग भवनों में चरणबद्ध तरीके से चल रहा प्रशिक्षण
यह विशेष प्रशिक्षण रिम्स के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, ट्रॉमा सेंटर और मुख्य अस्पताल भवन समेत विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है, ताकि सभी ऑपरेटरों को बेहतर तकनीकी जानकारी और आपातकालीन प्रबंधन का प्रशिक्षण मिल सके।