Punjab Crime News: पंजाब के पटियाला से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शहर के डीसी डबल्यू ओवर ब्रिज के पास एक नीले रंग के ड्रम में युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. शव को ड्रम में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया था. इस घटना ने लोगों को मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड की याद दिला दी है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई.
कूड़े के ढेर में पड़ा मिला नीला ड्रम, अंदर मिला युवती का शव
स्थानीय लोगों ने ओवर ब्रिज के पास कूड़े के ढेर में पड़े एक संदिग्ध नीले ड्रम को देखा. जब इसकी सूचना पुलिस को दी गई और ड्रम की जांच की गई तो उसके अंदर एक युवती का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया.
पुलिस के अनुसार युवती की उम्र करीब 15 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शुरुआती जांच में शव पर गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है.
टैटू के जरिए युवती की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस को जांच के दौरान युवती के शरीर पर बने टैटू से कुछ अहम सुराग मिले हैं. युवती के बाएं हाथ पर नेहा नाम गुदा हुआ मिला है. वहीं दाहिने हाथ पर एन और ए अक्षरों का टैटू बना हुआ है. पुलिस अब इन्हीं टैटू के आधार पर युवती की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती पंजाब की रहने वाली नहीं लग रही है. पुलिस को शक है कि वह किसी दूसरे राज्य से हो सकती है. युवती का पहनावा और व्यक्तित्व देखकर पुलिस यह भी मान रही है कि वह पर्यटक हो सकती है.
फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच, आसपास के इलाके को खंगाला गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के इलाके से सबूत जुटाने का काम शुरू किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम वहां कब और किसने फेंका.
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पटियाला पुलिस के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई अमनदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की हत्या कैसे की गई और मौत के पीछे क्या कारण रहे.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंची थी और पूरे इलाके का निरीक्षण किया गया. फिलहाल पुलिस युवती की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है.
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर किसने इतनी बेरहमी से हत्या कर शव को ड्रम में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंक दिया.