Ranchi News : नीतू कुमारी महतो ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर बनकर झारखंड का नाम रोशन किया है। हरदाग की रहने वाली नीतू झारखंड की दूसरी महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर बन गई हैं।नीतू 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगहारा में आयोजित U-18 एशिया कप 2026 में अंपायरिंग करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत और हॉकी प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
मां से मिली ट्रेनिंग, पूरा परिवार हॉकी से जुड़ा
नीतू का पूरा परिवार हॉकी से जुड़ा हुआ है। उनकी मां दुलारी टोपनो राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रह चुकी हैं और वर्तमान में कोच हैं। नीतू की शुरुआती कोच भी उनकी मां ही थीं।
उनकी बहनें कंचन कुमारी और रानी कुमारी के साथ भाई विजय महतो भी हॉकी खिलाड़ी हैं।
दुलारी टोपनो की पूर्व शिष्या खिली कुमारी भी इसी एशिया कप में भारतीय टीम की गोलकीपर के रूप में खेल रही हैं।
हॉकी झारखंड ने बताया गर्व का क्षण
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला सिंह ने कहा कि नीतू ने मेहनत और समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा पेश की है।
महासचिव विजय शंकर सिंह ने भी इसे झारखंड हॉकी के लिए गर्व का विषय बताया।
वहीं हॉकी रांची के अध्यक्ष माइकल लाल और सचिव जयंत केरकेट्टा ने भी नीतू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि इससे पहले असरिता लकड़ा झारखंड की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर बन चुकी हैं।