Jharkhand News: झारखंड में उच्च शिक्षा व्यवस्था और विश्वविद्यालयों में लगातार बढ़ रही शिक्षकों की कमी को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की. बुधवार को रांची स्थित लोकभवन में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. खास तौर पर विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में बड़ी संख्या में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को लेकर चिंता जताई गई.
कॉलेजों में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई पर पड़ रहा असर
राज्यपाल से बातचीत के दौरान डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि राज्य के कई विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हुए हैं. इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और पूरे शैक्षणिक माहौल पर दिखाई दे रहा है.
उन्होंने कहा कि नियमित शिक्षकों की कमी के कारण छात्र छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है. कई कॉलेजों में पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छात्रों को जरूरी शैक्षणिक मार्गदर्शन भी समय पर नहीं मिल पा रहा. उन्होंने इसे राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया.
राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने की रखी मांग
डॉ गोस्वामी ने राज्यपाल से आग्रह किया कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आने वाले समय में शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है.
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और शिक्षा संस्थानों की प्राथमिक जिम्मेदारी है. ऐसे में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाना बेहद जरूरी है.
राज्यपाल ने सकारात्मक पहल का दिया भरोसा
मुलाकात के दौरान राज्यपाल संतोष गंगवार ने डॉ दिनेशानंद गोस्वामी द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना. उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया.
उच्च शिक्षा में लगातार सामने आ रही चुनौतियों के बीच यह मुलाकात राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.