Jamshedpur News: दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटा-खड़गपुर रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी और बढ़ते दबाव को कम करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम तेज कर दिया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार सालगाझुड़ी से आदित्यपुर के बीच बन रही थर्ड लाइन परियोजना सितंबर-अक्टूबर तक पूरी होने की संभावना है. इसके बाद इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन काफी हद तक सुचारु हो जाएगा.
रेलवे ने बताया कि मौजूदा समय में मेन लाइन और लूप लाइन की कमी के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. विशेष रूप से चांडिल से कांन्ड्रा सेक्शन में ट्रेनों के विलंब की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, लेकिन अब स्थिति में सुधार हुआ है और अधिकांश ट्रेनें 20 मिनट से अधिक विलंबित नहीं हो रही हैं.
टाटा स्टेशन पर बढ़ा ट्रैफिक, मालगाड़ियों का भी दबाव
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने जमशेदपुर स्थित आईसीसी कंपनी के डायरेक्टर बंगले में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि टाटानगर स्टेशन पर यात्री और मालगाड़ियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि यह इलाका आयरन ओर आधारित औद्योगिक क्षेत्र है, जहां टाटा स्टील, सेल, रुंगटा समेत कई कंपनियों की मालगाड़ियां इसी रूट से संचालित होती हैं.
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने की बात सही नहीं है. रेलवे को निर्देश दिया गया है कि समय पर चल रही यात्री ट्रेनों का संचालन किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए.
टाटा और हाता के बीच बनेगा सैटेलाइट सेंटर
रेलवे ट्रैफिक को कम करने के लिए टाटानगर और हाता के बीच एक सैटेलाइट सेंटर विकसित करने की योजना पर भी काम कर रहा है. यहां उन ट्रेनों को रखा जाएगा जो टाटानगर स्टेशन पहुंचने के बाद लंबे समय तक खड़ी रहती हैं. इससे मुख्य स्टेशन पर दबाव कम होगा और परिचालन बेहतर होगा.
इसके अलावा आसनबनी, टाटानगर, गोविंदपुर, आदित्यपुर, राजखरसावां, मानीकुई, टुनिया, लोटा पहाड़ और बहलदा जैसे स्टेशनों पर जरूरत के अनुसार नई लूप लाइनें विकसित करने की भी तैयारी की जा रही है.
घाटशिला स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं
महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने यह भी बताया कि घाटशिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस, मुंबई मेल और लालमाटी एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है. मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों का ठहराव शुरू किया जाएगा.
चाकुलिया-बड़ामाड़ा रेलखंड में वन क्षेत्र बना चुनौती
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि चाकुलिया-बड़ामाड़ा रेललाइन परियोजना में बड़ी मात्रा में वन भूमि शामिल है. फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलने में देरी के कारण परियोजना की गति प्रभावित हुई है. अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा.
खड़गपुर से घाटशिला तक किया निरीक्षण
इससे पहले दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने खड़गपुर से घाटशिला तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, परिचालन व्यवस्था और चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की. घाटशिला स्टेशन पहुंचकर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया.
सांसद और अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
जमशेदपुर दौरे के दौरान रेलवे महाप्रबंधक ने सांसद विद्युत वरण महतो के साथ भी समन्वय बैठक की. बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसमें क्षेत्र की रेल सुविधाओं, परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.