Garhwa News: गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता के मामले में पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. दोनों पर आरोप है कि सरकारी सहायता राशि मिलने के बावजूद निर्धारित समय में आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोदरा पंचायत के गोपालपुर गांव निवासी भूलू रजवार (58) और रघु रजवार (47) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में दोनों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभुक चुना गया था और विभाग की ओर से उनके खाते में निर्माण कार्य के लिए राशि जारी की गई थी.
जांच में सामने आया कि राशि प्राप्त करने के बाद भी दोनों ने आवास निर्माण पूरा नहीं कराया. मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें निर्माण कार्य में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई. इसके बाद दोनों को डिफॉल्टर घोषित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.
मामला अदालत पहुंचने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी हुआ. इसके बाद मझिआंव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.