Ranchi News : इबोला वायरस को लेकर केंद्र सरकार द्वारा अलर्ट जारी किए जाने के बाद झारखंड सरकार भी सतर्क हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान और सदर अस्पताल को इबोला के संभावित मामलों से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
मंत्री ने बताया कि मामले को लेकर समीक्षा बैठक की गई है और अस्पतालों को कुछ बेड खाली रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध मरीज के आने पर तुरंत इलाज शुरू किया जा सके। रिम्स में छह बेड का विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार कर सुरक्षित रखा गया है।
भारत में अब तक नहीं मिला कोई मामला, निगरानी बढ़ी
केंद्र सरकार ने भी इबोला को लेकर सभी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देशभर के एयरपोर्ट, सीपोर्ट और बॉर्डर एंट्री प्वाइंट्स पर निगरानी बढ़ाने और स्क्रीनिंग व्यवस्था मजबूत रखने को कहा है। हालांकि भारत में अब तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अफ्रीकी देशों में इबोला के नए मामलों को लेकर चिंता जताए जाने के बाद एहतियाती कदम तेज किए गए हैं।
जिला सर्विलांस टीमों को भी किया गया अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इबोला से निपटने के लिए जिला सर्विलांस टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। विदेश यात्रा कर लौटने वाले लोगों, खासकर अफ्रीकी देशों से आने वालों की निगरानी बढ़ाई जा रही है।
रिम्स में पहले से संचालित आइसोलेशन वार्ड को भी सक्रिय रखा गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह वार्ड इबोला, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के इलाज और अलग रखने की सुविधा से लैस है।