Ranchi News : डोरंडा थाना क्षेत्र के मणि टोला निवासी मो. तनवीर अंसारी की रिम्स में इलाज के दौरान मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। नाराज परिजन और स्थानीय लोग शव लेकर डोरंडा थाना पहुंचे और थाना परिसर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने मो. तनवीर अंसारी की मौत को हत्या बताते हुए गोल्डन समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग भी उठाई। थाना परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हटिया डीएसपी भी घटनास्थल पहुंचे और लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव बरकरार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल डोरंडा इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।