Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-28

Hazaribagh News: छड़वा डैम में घटा जलस्तर, हजारीबाग में गहराने लगा पेयजल संकट

Hazaribagh News: गर्मी बढ़ने के साथ हजारीबाग शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. शहर की प्रमुख जलस्रोत माने जाने वाले छड़वा डैम का जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है. वर्तमान में डैम में पानी का स्तर करीब 16 फीट रह गया है, जिससे आने वाले दिनों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. नगर निगम और पेयजल विभाग भी हालात को लेकर सतर्क हो गया है.

जानकारी के मुताबिक छड़वा डैम की कुल जल भंडारण क्षमता लगभग 30 फीट मानी जाती है. गर्मी के मौसम में जब पानी 15 से 16 फीट तक पहुंच जाता है तो जल संकट की स्थिति बनने लगती है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह गिरता रहा तो शहर में एक समय ही पानी की आपूर्ति करनी पड़ सकती है. फिलहाल फिल्टर प्लांट में सफाई और रखरखाव कार्य के कारण भी सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है.

हर दिन कम हो रहा डैम का पानी
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार डैम का जलस्तर प्रतिदिन लगातार घट रहा है. बारिश नहीं होने और तेज गर्मी के कारण पानी तेजी से सूख रहा है. इससे पानी उठाने और टंकियों तक पहुंचाने में अधिक समय लग रहा है. सिटी मैनेजर अरुण बावरी ने बताया कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में शहर को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है.

सिर्फ सीमित पानी ही उपयोग के योग्य
सूत्रों के अनुसार डैम में मौजूद कुल पानी में से बहुत कम हिस्सा ही पेयजल आपूर्ति के लिए उपयोगी बचा है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जलस्तर 10 फीट तक पहुंच गया तो शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है. ऐसी स्थिति में हजारों घरों में पानी की किल्लत बढ़ने की आशंका है.

भूजल स्तर भी तेजी से नीचे जा रहा
डैम के पानी में कमी का असर अब भूजल स्तर पर भी दिखाई देने लगा है. शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गहरे बोरिंग के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार जल दोहन और भीषण गर्मी के कारण भूजल तेजी से नीचे खिसक रहा है.

पुराने फाटक और तकनीकी खामियां बनी समस्या
विभागीय सूत्रों के मुताबिक पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान डैम का एक फाटक क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे काफी मात्रा में पानी बह गया. अब इसे मौजूदा संकट की बड़ी वजह माना जा रहा है. डैम के कई पुराने गेट जर्जर हो चुके हैं और लंबे समय से उनकी मरम्मत की मांग की जा रही है.

इन इलाकों में पड़ सकता है असर
छड़वा डैम से शहर के कई प्रमुख इलाकों में पेयजल की आपूर्ति होती है. इनमें छड़वा तालाब क्षेत्र, पोखरिया, बस स्टैंड इलाका, सदर प्रखंड और आसपास के कई मोहल्ले शामिल हैं. जलस्तर और नीचे जाने पर इन क्षेत्रों में सबसे पहले पानी की किल्लत देखने को मिल सकती है.

वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी में निगम
नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही वैकल्पिक जल स्रोतों की तलाश और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने पर भी काम किया जा रहा है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !