Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान बोकारो निवासी ऋतिक मिश्रा के रूप में हुई है।
प्लेटफॉर्म पर हुई थी छिनतई की घटना
मिली जानकारी के अनुसार 26 मई को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस के पास यह घटना हुई थी। यात्री अजय कुमार सिन्हा अपने परिवार को ट्रेन में विदा करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट किसी अज्ञात युवक ने झपट लिया और फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपी की पहचान
घटना की शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई।
प्लेटफॉर्म संख्या 1 से पकड़ा गया आरोपी
28 मई को सीसीटीवी टीम से मिली सूचना के बाद आरपीएफ पोस्ट रांची, डिविजनल टीओपीबी टीम और सीआईबी रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ और पैन कार्ड की फोटोकॉपी बरामद हुई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा ने बरामद लॉकेट की पहचान अपने बच्चे के लॉकेट के रूप में की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया।