Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-28

National News: महाराष्ट्र की सियासत में बढ़ी हलचल, विधान परिषद चुनाव के बीच PM मोदी से मिले CM फडणवीस

National News: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर महायुति के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है. सीट बंटवारे को लेकर लगातार जारी चर्चाओं और अंदरूनी हलचल के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और सियासी गलियारों में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
दिल्ली में हुई यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब महायुति के सहयोगी दलों के बीच विधान परिषद चुनाव को लेकर सीटों का गणित लगातार बदलता दिख रहा है. इससे पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं. ऐसे में लगातार हो रही इन बैठकों को सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं बल्कि राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

दिल्ली में PM मोदी से हुई अहम बातचीत
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान महाराष्ट्र के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई. फडणवीस ने राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं, विकास कार्यों और उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी प्रधानमंत्री को दी.

प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO ने भी इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की. पीएमओ की ओर से कहा गया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.

वहीं मुलाकात के बाद खुद सीएम फडणवीस ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से उन्हें महाराष्ट्र के विकास को लेकर मार्गदर्शन मिला. साथ ही उन्होंने राज्य में चल रहे कई महत्वपूर्ण कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी.

सिर्फ विकास नहीं, राजनीतिक चर्चा की भी अटकलें तेज
हालांकि आधिकारिक तौर पर इस मुलाकात को विकास कार्यों और परियोजनाओं से जोड़कर बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे विधान परिषद चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है. चर्चा यह भी है कि महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों और सहकारी चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों पर भी दिल्ली में बातचीत हुई है.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस तरह से महायुति के भीतर सीटों को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है, उससे साफ है कि अंदरखाने काफी मंथन हो रहा है. खासकर बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर कई स्तर पर बातचीत चल रही है.

अमित शाह के फॉर्मूले से बदला पूरा समीकरण
सूत्रों की मानें तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में महायुति के भीतर सीट बंटवारे का नया फॉर्मूला तैयार किया गया है. इस नए समीकरण में बीजेपी एक बार फिर गठबंधन में सबसे मजबूत पार्टी के तौर पर सामने आई है.

बताया जा रहा है कि विधान परिषद चुनाव में कुल 17 सीटों में से बीजेपी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. वहीं एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 4 सीटें मिली हैं. इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अजित पवार गुट की एनसीपी के खाते में 2 सीटें आई हैं.

इस फॉर्मूले के सामने आने के बाद यह चर्चा भी तेज हो गई है कि महायुति में बीजेपी का दबदबा लगातार बढ़ रहा है और सहयोगी दलों को समझौता करना पड़ रहा है.


सावरकर जयंती कार्यक्रम में भी शामिल हुए फडणवीस
प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने सावरकर के योगदान को याद किया.

इधर राज ठाकरे ने भी वीर सावरकर को लेकर राजनीति करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !