Potka News: जमशेदपुर के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान संचालक पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का आरोप लगा है। राशन कार्डधारियों ने दुकानदार ललिता खंडापातर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लाइसेंस रद्द करने की अपील की है। ग्रामीणों का आरोप है कि काशीडीह गांव स्थित दुकान से पंचायत के अधिकांश लाभुक राशन उठाव करते हैं, लेकिन दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च माह का राशन अब तक नहीं मिला है।
फिंगरप्रिंट लेकर लौटाए जा रहे लाभुक, बिचौलिये पर दुर्व्यवहार का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार दुकानदार द्वारा ई-पॉश मशीन में फिंगरप्रिंट लेकर पर्ची तो दे दी जाती है, लेकिन राशन अगले महीने देने का आश्वासन देकर लोगों को लौटा दिया जाता है। कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि हर महीने इसी तरह राशन रोककर काला बाजारी की जाती है। साथ ही दुकान का संचालन नामित दुकानदार की जगह बिचौलिया दिलीप खंडापातर द्वारा किया जाता है, जो लाभुकों के साथ दुर्व्यवहार करता है। ग्रामीणों का कहना है कि नामित दुकानदार अधिकांश समय दुकान में मौजूद नहीं रहती हैं।
जांच में गड़बड़ी की पुष्टि, दुकान बरखास्त; ग्रामीणों ने नए लाइसेंस की उठाई मांग
मामले को लेकर ग्रामीणों ने पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी और आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत के बाद हुई जांच में अनियमितता पाए जाने पर आपूर्ति विभाग ने दुकान को बरखास्त कर दिया है। हालांकि अब तक लाभुकों को बकाया राशन नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चार माह का लंबित राशन जल्द उपलब्ध कराया जाए और ललिता खंडापातर का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर कोवाली पंचायत में नई PDS दुकान का लाइसेंस जारी किया जाए।