Adityapur Theft Incident: आदित्यपुर के उषा मोड़ स्थित होटल कनक में शुक्रवार अहले सुबह चोरी की घटना सामने आई है. एक युवक सिर पर मुरेठा बांधकर होटल के अंदर घुसा और स्टाफ के दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया. पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. मामले को लेकर गम्हरिया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है.
सुबह साढ़े तीन बजे होटल में दाखिल हुआ आरोपी
होटल संचालक मधुकांत सिंह ने बताया कि घटना शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है. आरोपी आराम से होटल के अंदर पहुंचा और वहां मौजूद स्टाफ के मोबाइल फोन उठा लिए. हैरानी की बात यह रही कि युवक बिना किसी घबराहट के आराम से बाहर निकल गया. चोरी की जानकारी कर्मचारियों को सुबह करीब 11 बजे हुई.
पुलिस को सौंपा गया सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. वीडियो में सिर पर मुरेठा बांधे एक युवक साफ दिखाई दे रहा है. फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है. होटल संचालक की शिकायत पर गम्हरिया थाना में अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
आसपास की दूसरी घटनाओं से भी जोड़कर जांच
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले होटल कनक के पास स्थित राहुल स्नैक्स एंड स्वीट्स कॉर्नर में भी घुसपैठ की घटना हुई थी. पुलिस अब दोनों मामलों को एक-दूसरे से जोड़कर जांच कर रही है.
संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. इलाके में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा.