Adityapur News: आदित्यपुर स्थित भारत सेफ्टी ग्लास प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बाहर देर रात अचानक बिजली के खंभे में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की झाड़ियों और बिजली के तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका धुएं और ऊंची लपटों से घिर गया, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के दबाव पर हरकत में आया प्रबंधन
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरुआत में कंपनी प्रबंधन ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने में लापरवाही बरती। लोगों के दबाव के बाद कंपनी के सुरक्षाकर्मी फायर एक्सटिंग्विशर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
जलकर राख हुआ बिजली का खंभा, इलाके की सप्लाई बंद
काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक बिजली का खंभा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। एहतियात के तौर पर उस खंभे से जुड़े इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। आग लगने के कारण देर रात तक इलाके में अंधेरा पसरा रहा।
कंपनी प्रबंधन की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते फायर ब्रिगेड को बुला लिया जाता तो नुकसान कम हो सकता था। फिलहाल बिजली विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है और क्षतिग्रस्त खंभे को बदलने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।