Seraikela Big News: सरायकेला-खरसावां जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. खरसावां प्रखंड के दो निलंबित डीलरों के खिलाफ सरकारी खाद्यान्न में गड़बड़ी और संभावित गबन को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जांच में करीब 29 हजार किलो चावल और 7 हजार किलो से अधिक गेहूं स्टॉक से गायब पाए गए हैं.
जिला आपूर्ति विभाग के निर्देश पर अंचल अधिकारी-सह-प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने संबंधित पीडीएस दुकानों का भौतिक सत्यापन किया. जांच के दौरान ग्राम सरजाडीह के निलंबित डीलर अशोक कुमार प्रधान की दुकान में रिकॉर्ड के अनुसार हजारों किलो चावल और गेहूं उपलब्ध होना चाहिए था, लेकिन मौके पर कोई स्टॉक नहीं मिला.
इसी तरह ग्राम तेलीसाई के निलंबित डीलर विनोद नायक के यहां भी रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया. जांच के दौरान चावल का पूरा स्टॉक गायब मिला, जबकि गेहूं को लेकर भी अनियमितता सामने आई.
सरकारी खाद्यान्न के कथित गबन को गंभीर मानते हुए दोनों डीलरों के खिलाफ खरसावां थाना में मामला दर्ज कराया गया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के अन्य निलंबित और संदिग्ध पीडीएस दुकानों की भी जांच तेज कर दी गई है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के हक से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने अधिकारियों को पीडीएस व्यवस्था की नियमित निगरानी और सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही चेतावनी दी गई है कि जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.