Bihar News: मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के घोषई पंचायत स्थित अरसंडी गांव में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बहू राजो देवी ने अपनी 68 वर्षीय सास प्रमिला देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में मातम का माहौल है। मृतका प्रमिला देवी स्वर्गीय पुलकित यादव की पत्नी थीं।
बच्चे को गाली देने से मना किया, फिर शुरू हुआ खूनी विवाद
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे प्रमिला देवी घर के बाहर उगे घास-पतवार की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी बहू अपने बच्चे को अपशब्द कह रही थी। सास ने बहू को बच्चे के सामने गंदी गालियां देने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बहू ने कथित तौर पर सास के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया।
सड़क पर पटककर पीढ़िया से किया हमला, मौके पर मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रमिला देवी जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागीं, लेकिन बहू ने पीछा कर लकड़ी के पीढ़िया से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद वह अचेत होकर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौसा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बहू को लिया हिरासत में, गांव में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान और एएसआई शैलेंद्र कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि एक महिला को हिरासत में लिया गया है तथा एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल है।