Ranchi News : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) द्वारा हाल ही में अधिसूचित प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों और मीडिया रिसर्च टीम के सदस्यों को शुरुआती तौर पर छह माह की प्रोबेशन अवधि पर रखा गया है। इस दौरान उनके कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और प्रदर्शन के आधार पर आगे की नियुक्ति तय की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रोबेशन अवधि के दौरान सभी चयनित सदस्यों को हर महीने आयोजित होने वाले पूरे दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा। इसके साथ ही उनके कार्यों का मूल्यांकन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कम्युनिकेशन विभाग द्वारा किया जाएगा।
बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
राकेश सिन्हा ने कहा कि छह माह की अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की समीक्षा के बाद उन्हें राष्ट्रीय या राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष के माध्यम से अनुशंसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 27 मई को एआईसीसी के कम्युनिकेशन विभाग ने टैलेंट हंट प्रक्रिया के तहत चयनित 30 उम्मीदवारों की सूची प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी है। इनमें से आधे उम्मीदवार पहले से ही प्रदेश कांग्रेस की अधिसूचित सूची में शामिल हैं।
शेष उम्मीदवारों का हो रहा सत्यापन, मीडिया और जनसंपर्क तंत्र को मजबूत करने की पहल
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार बाकी 15 उम्मीदवारों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन शुरू कर दिया गया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें भी छह माह की प्रोबेशन अवधि पर शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य संगठन की मीडिया और जनसंपर्क क्षमता को मजबूत बनाना है। पार्टी प्रशिक्षित, प्रभावी और तथ्यपरक तरीके से अपनी बात रखने वाले प्रवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों की एक सशक्त टीम तैयार करना चाहती है।