Jamshedpur Breaking: टाटानगर रेलवे स्टेशन के यार्ड में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। वंदे भारत एक्सप्रेस के एसी मरम्मत कार्य के दौरान एक ठेका मजदूर हाईटेंशन ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल की पहचान आशीष मांझी के रूप में हुई है, वह सरजमदा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह रेलवे के वेंडर अमित इंजीनियरिंग का मजदूर है। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वंदे भारत ट्रेन में एसी से संबंधित मरम्मत कार्य होना था, इसी दौरान एक ठेका मजदूर ट्रेन की छत पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि विद्युत लाइन को बंद कराने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही वह कोच के ऊपर पहुंच गया। इसी दौरान वह हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों और अधिकारियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल उसका इलाज जारी है। घटना को लेकर रेलवे स्तर पर जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं तथा हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
रेलवे प्रशासन की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।