Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के खासमहल स्थित सदर अस्पताल में शनिवार रात इलाज के लिए लाए गए मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान जेम्को आजाद बस्ती निवासी भुवनेश्वर कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पत्नी काजल कुमारी ने बताया कि उनके पति को कमर में चोट लगने के बाद शाम करीब साढ़े सात बजे अस्पताल लाया गया था। उनका आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टर के कहने पर नर्स ने सुई देकर मरीज को घर ले जाने की सलाह दी और भर्ती करने की जरूरत नहीं बताई।
परिजनों के अनुसार अस्पताल से घर लौटने के बाद मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्होंने बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी और परिजनों का दावा है कि मृतक को गलत या एक्सपायरी सुई लगाया गया है जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने डॉक्टर को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए परिवार के भविष्य और बच्चों के पालन-पोषण को लेकर चिंता जताई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों को बताया कि मामले की जांच के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।