Seraikela News : कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को हुए चर्चित युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने पहले युवक को शराब पिलाई और फिर अपने साथी के साथ मिलकर चापड़ से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी अहमद जलील अंसारी जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र का निवासी है और मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश प्रमुख कारण थी।
मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी। 15 मई को उसका शव कपाली के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट के पास बरामद किया गया था। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई हमलों के निशान मिले थे।
साथी को फोन कर बुलाया, फिर योजनाबद्ध तरीके से की वारदात
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पहले तौसीफ को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसने अपने साथी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर मौके पर बुलाया और चापड़ लेकर आने को कहा।
पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान ही आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से तौसीफ पर चापड़ से कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल तौसीफ की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और मामले का खुलासा किया।