Jamshedpur News : बहुभाषीय साहित्यिक संस्था सहयोग की कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संस्था की आगामी गतिविधियों, वार्षिक कार्यक्रमों तथा वित्तीय आय-व्यय की व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठनात्मक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि संस्था द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों से संबंधित फाइलों में कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण, व्यय से जुड़ी रसीदें तथा कार्यक्रमों की तस्वीरें व्यवस्थित रूप से संकलित और सुरक्षित रखी जाएंगी। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि संस्था का बजट सत्र अप्रैल माह से प्रारंभ होगा और आम सभा के उपरांत सभी अभिलेखों एवं फाइलों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाएगा।
कबीर जयंती से होगी शुरुआत, वर्षभर होंगे साहित्यिक आयोजन
बैठक के दौरान वर्षभर आयोजित किए जाने वाले साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह में कबीर जयंती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कबीर के दर्शन और विचारों पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। जुलाई माह में प्रेमचंद जयंती मनाई जाएगी, जबकि अगस्त के अंतिम सप्ताह में बारहमासा आधारित ‘सावन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा सितंबर में दिनकर जयंती, अक्टूबर में विजया मिलन, नवंबर में पुस्तक मेला, जनवरी में वनभोज, वसंत पंचमी के अवसर पर निराला जयंती तथा मार्च में होली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संस्था का मानना है कि इन आयोजनों से साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलेगा।
साहित्य और संस्कृति को नई ऊर्जा देने का जताया विश्वास
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित कार्यक्रमों के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही साहित्य प्रेमियों, रचनाकारों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।
बैठक में संस्था की अध्यक्ष डॉ. संध्या सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जूही समर्पिता, सचिव डॉ. भारती कुमारी, सह सचिव डॉ. मनीला, न्यायिक सलाहकार ममता सिंह एवं जयपाल सिंह, कोषाध्यक्ष पुष्पांजलि मिश्रा सहित माधुरी मिश्रा, ज्योत्सना अस्थाना, सुधा गोयल, लक्ष्मी सिंह ‘रूबी’, रीना सिन्हा और डॉ. सबिता पॉल की सक्रिय उपस्थिति रही।