Rabi Lamichhane India Visit: नेपाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सरकार बनाने वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने 1 से 5 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के निमंत्रण पर हो रहा है। दोनों दलों के बीच राजनीतिक संवाद, संगठनात्मक अनुभवों के आदान-प्रदान और नेपाल-भारत संबंधों को नई मजबूती देने पर फोकस रहेगा।
बीजेपी मुख्यालय में होगा भव्य स्वागत, शीर्ष नेताओं से मुलाकात
2 जून को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में रवि लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इस दौरान उनकी बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष बैठक होगी। पार्टी-टू-पार्टी संबंध, लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं, संगठन निर्माण और जनसंपर्क अभियानों पर दोनों पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
जयशंकर और मोदी से मुलाकात पर सबकी नजर
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ रवि लामिछाने की पहली औपचारिक मुलाकात भी इसी दौरे के दौरान तय है। वहीं 3 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लामिछाने के बीच प्रस्तावित बैठक सबसे अहम मानी जा रही है। इस मुलाकात में नेपाल-भारत संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और लोकतांत्रिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
नेपाली समुदाय से संवाद, दिल्ली में होगा नागरिक अभिनंदन
नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय नेपाली मंच द्वारा 4 जून को रवि लामिछाने के सम्मान में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा वे भारत में रह रहे नेपाली समुदाय, पार्टी समर्थकों और शुभचिंतकों से भी मुलाकात करेंगे। भाजपा की ओर से भी इस यात्रा को दोनों देशों के राजनीतिक दलों के बीच रचनात्मक संवाद की नई शुरुआत बताया गया है।
अयोध्या में रामलला के दर्शन, पत्नी समेत रहेगा प्रतिनिधिमंडल
राजनीतिक बैठकों के साथ-साथ रवि लामिछाने धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। वे राम मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे, जहां नेपाली समुदाय और सामाजिक संगठनों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरे में उनकी पत्नी निकिता पौडेल, सांसद विपिन आचार्य, सांसद दीपक बोहरा और निजी सचिव प्रदीप आचार्य भी शामिल रहेंगे। दोनों दलों ने उम्मीद जताई है कि यह यात्रा नेपाल और भारत के लोकतांत्रिक सहयोग को नई दिशा देगी।