Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-01

West Singhbhum News: फरार नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 15 लाख के इनामी सालुका कायम के घर चिपकाया गया इश्तेहार

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने फरार नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए कराईकेला थाना कांड के तीन नामजद आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया है. न्यायालय के आदेश पर सोमवार को यह कार्रवाई की गई. इश्तेहार चस्पा किए गए आरोपियों में 15 लाख रुपये का इनामी नक्सली सालुका कायम भी शामिल है.

इन नक्सलियों के घर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार इश्तेहार जिन आरोपियों के घरों पर लगाया गया, उनमें 15 लाख रुपये का इनामी नक्सली सालुका कायम उर्फ भुनेश्वर उर्फ जयराम, पिता साधु चरण कायम, निवासी कूदाबुरु गांव प्रमुख रूप से शामिल है.
इसके अलावा रतन दांगील, पिता सुरेश दांगील, निवासी टेंडरसई तथा रिशिव उर्फ जीवरी उर्फ ऊषा सोय, पिता कुंदा सोय, निवासी माइलीपी गांव के घरों पर भी इश्तेहार चस्पा किया गया. तीनों आरोपी सोनुवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

विस्फोटक अधिनियम के मामले में हैं नामजद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपी कराईकेला थाना कांड संख्या 02/2025 में नामजद हैं. यह मामला 21 जून 2025 को दर्ज किया गया था. इनके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे हैं.

न्यायालय में हाजिर होने का निर्देश
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा कर निर्धारित अवधि के भीतर आत्मसमर्पण या न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है. इश्तेहार में स्पष्ट किया गया है कि तय समय सीमा में उपस्थित नहीं होने पर कानून के तहत आगे की एकतरफा कार्रवाई की जाएगी.

गिरफ्तारी के लिए जारी है अभियान
कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने बताया कि फरार नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इश्तेहार चस्पा करना न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है और पुलिस क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है.

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि फरार नक्सलियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि यदि कोई नक्सली सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत मुख्यधारा में लौटना चाहता है, तो उसे सरकारी प्रावधानों के अनुरूप पुनर्वास और अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !