Jharkhand News: राज्य में ट्रेजरी और वेतन निकासी से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद सरकारी विभागों में वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. इसी कड़ी में जल संसाधन विभाग ने लेखा लिपिक संवर्ग में व्यापक बदलाव करते हुए 118 कर्मियों का स्थानांतरण और पदस्थापन किया है. विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद कई जिलों और प्रमंडलों में कार्यरत कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
वित्तीय अनुशासन मजबूत करने के लिए उठाया गया कदम
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय वित्तीय अनुशासन को और मजबूत करने, लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मियों का रोटेशन सुनिश्चित करने तथा लेखा कार्यों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है. हाल के दिनों में ट्रेजरी और वेतन निकासी से संबंधित मामलों पर सरकार की सख्ती के बाद मुख्य सचिव स्तर से सभी विभागों को आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे. जल संसाधन विभाग की यह कार्रवाई उसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
कई जिलों के कर्मियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार अखिलेश कुमार झा को लघु सिंचाई प्रमंडल दुमका से ग्रामीण कार्य विभाग रांची भेजा गया है. वहीं सफीक अहमद को दुमका से सिंचाई प्रमंडल दुमका, दिलीप कुमार ठाकुर को गोड्डा से सिंचाई प्रमंडल पाकुड़, मुंशी मुर्मू को साहेबगंज से गंगा पंप नहर प्रमंडल साहेबगंज और जितेन्द्र कुमार को साहेबगंज से सिंचाई प्रमंडल सिकटिया में पदस्थापित किया गया है.
इसके अलावा संजीव कुमार झा को पाकुड़ से ग्रामीण कार्य विभाग रांची, जयप्रकाश रंजन को जामताड़ा से रूपांकन प्रमंडल दो देवघर, रणविजय सिंह को जामताड़ा से कोडरमा, सुनील कुमार को गिरिडीह से धनबाद, राजीव कुमार को जलपथ प्रमंडल रांची से गुमला तथा राजीव रंजन कुमार को गुण नियंत्रण प्रमंडल जमशेदपुर से योजना आयोजन अंचल उड़नदस्ता रांची भेजा गया है.
रांची, चाईबासा, गालूडीह और गुमला में भी बदली गई तैनाती
अंजनी कुमार को जलपथ प्रमंडल रांची से ग्रामीण कार्य विभाग रांची, राजीव कुमार सिंह को सिंचाई प्रमंडल बुंडू से लघु सिंचाई प्रमंडल चाईबासा, मनोज कुमार सिन्हा को चक्रधरपुर से ग्रामीण कार्य विभाग रांची, सिद्धेश कुमार दत्त को चाईबासा से सिंचाई प्रमंडल गालूडीह, सत्येन्द्र कुमार झा को चैनपुर गुमला से लघु वितरणी प्रमंडल सात गालूडीह तथा रंगबहादुर पंडित को गुण नियंत्रण प्रमंडल रांची से रूपांकन प्रमंडल दो रांची में नई जिम्मेदारी दी गई है.
कई अन्य कर्मियों का भी हुआ स्थानांतरण
विभाग की ओर से जारी आदेश में मधुरिमा को सिमडेगा से सिंचाई यांत्रिक प्रमंडल रांची, संजय कुमार को सिंचाई यांत्रिक प्रमंडल रांची से लघु वितरणी प्रमंडल पांच डिमना जमशेदपुर, उमर खां को लातेहार शिविर मेदिनीनगर से ग्रामीण कार्य विभाग रांची, यशवंत नारायण को अग्रिम योजना प्रमंडल रांची से लघु सिंचाई प्रमंडल रामगढ़, तफसीरूल हसन को पुनासी बांध प्रमंडल देवघर से यांत्रिक प्रमंडल लातेहार तथा श्याम नंदन प्रसाद को लघु सिंचाई प्रमंडल दुमका में पदस्थापित किया गया है.
तुरंत योगदान देने का दिया गया निर्देश
जल संसाधन विभाग ने सभी स्थानांतरित कर्मियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है. प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को वित्तीय प्रबंधन को अधिक मजबूत बनाने, जवाबदेही बढ़ाने और लेखा प्रणाली को बेहतर ढंग से संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.